पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बसखारी हरैया बाईपास पर पुलिस सहायता केंद्र का किया उद्घाटन

Spread the love

दरगाह की निगरानी के लिए बना सीसीटीवी कंट्रोल रूम

 अंबेडकरनगर। (लालमणि गोंड) बसखारी थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से  हरैया बाईपास पर नवनिर्मित पुलिस सहायता केंद्र का पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस सहायता केंद्र में बने कमरों और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।पुलिस सहायता केंद्र के उद्घाटन के बाद पुलिस अधीक्षक बसखारी थाना परिसर पहुंचीं, जहां मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात उन्होंने थाने में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी फुटेज का कम से कम तीन महीने तक का स्टोरेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।

सीसीटीवी कैमरों से दरगाह की गतिविधियों पर पैनी नजररहेगी पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि प्रसिद्ध दरगाह में बड़ी संख्या में जायरीनों का आवागमन होता है। ऐसे में वहां की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विभिन्न गतिविधियों पर नजर रखने के लिए दरगाह के कई स्थानों पर अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए बसखारी थाने में सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से दरगाह परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इससे आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।शारदीय नवरात्र के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने बसखारी कस्बे में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की सक्रियता और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अधिकारियों को सतर्क रहने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी, सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार, बसखारी थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक स्वतंत्र मौर्य, उपनिरीक्षक रवीश यादव, प्रेम बहादुर यादव, मयंक सिंह, रिंकू सरोज, ओंकार पटेल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *