मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज के नेतृत्व में ‘सन्डे ऑन सायकल’ का आयोजन

Spread the love

 प्रयागराज। फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज प्रयागराज मंडल में ‘सन्डे ऑन सायकल ‘ (Sundays on Cycle) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में मंडल कार्यालय, प्रयागराज से केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे तक एक विशेष साइकिल रैली निकाली गई। यह रैली ‘फिटनेस की डोज़, आधा घंटा रोज़’ संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मंडल रेल प्रबंधक श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वास्थ्य जीवन की सबसे मूल्यवान संपत्ति है और नियमित व्यायाम स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह एक सरल, सुलभ और पर्यावरण-अनुकूल माध्यम है, जिसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।

रैली में शामिल प्रतिभागियों ने ‘स्वस्थ शरीर, स्वस्थ भारत’ का संदेश देते हुए फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि ऐसे आयोजन लोगों को नियमित व्यायाम के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं। श्री अग्रवाल ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से फिट इंडिया अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक एवं मंडल खेल अधिकारी, शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्य सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *