सूबेदारगंज यूनिट द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम’ का सफल आयोजन

Spread the love

 प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुख्यालय की सूबेदारगंज स्टेशन यूनिट के नवयुवा यूनिट लीडरों द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को भारत स्काउट एवं गाइड राज्य प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज के प्रांगण में ‘एकीकरण एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम’ के अंतर्गत डांडिया नाइट्स का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि तैयारियों से लेकर संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी पहली बार स्वयं युवा यूनिट लीडरों ने संभाली। लीडरों द्वारा प्रांगण को रंग-बिरंगी लाइटों एवं सजावटी सामग्रियों से अत्यंत आकर्षक ढंग से सजाया गया, जो पूरे कार्यक्रम के दौरान सभी के लिए मुख्य आकर्षण एवं प्रेरणा का केंद्र बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आशीष अग्रवाल (अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक/सूबेदारगंज एवं राज्य आयुक्त-कब) तथा श्रीमती रचना अग्रवाल (राज्य आयुक्त-बुलबुल) द्वारा दुर्गा अष्टमी के शुभ अवसर पर मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण, विधिवत पूजन एवं आरती के साथ किया गया। सूबेदारगंज स्टेशन यूनिट द्वारा पहली बार आयोजित इस एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अंकुर चक्रवर्ती (सहायक जिला आयुक्त-स्काउट, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल) सपरिवार उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम में श्रीमती आयुषी भटनागर (उपाध्यक्ष, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, उत्तर मध्य रेलवे) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई।

इस अवसर पर स्काउट्स एवं गाइड्स के पंजीकृत बच्चों, उनके अभिभावकों, रेलवे अधिकारियों तथा आसपास की रेलवे कॉलोनियों के रेल कर्मचारियों के परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डांडिया नाइट के दौरान आयोजित ‘फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता’ में ३ वर्ष के कब-बुलबुल से लेकर अतिथियों तक ने रैंप वॉक कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा डांडिया की धुन पर एकल एवं समूह नृत्य की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसमें निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंतिम चरण में बच्चों, अभिभावकों, लीडरों तथा अतिथियों ने एक साथ डांडिया की ताल पर सामूहिक नृत्य किया। देर रात तक पूरा वातावरण संगीत और उत्सव के आनंद से सराबोर रहा।

समारोह के दौरान प्रसाद वितरण की भी उत्तम व्यवस्था की गई, जिसमें अभिभावकों के लिए चना-हलवा तथा अष्टमी व्रत रखने वाले सदस्यों के लिए फलाहार वितरित किया गया। पीने के पानी सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बच्चों ने स्वयं आपस में मिलकर संभालें।

कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्यालय से रविकांत शर्मा (राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट), सुश्री मंजू जोशी (राज्य संगठन आयुक्त-गाइड), पंकज राज कनौजिया (सहायक राज्य संगठन आयुक्त-स्काउट) तथा जिला मुख्यालय से श्रीमती लिपिका गोस्वामी (जिला संगठन आयुक्त-गाइड) एवं श्री शिशुपाल यादव ने सपरिवार सम्मिलित होकर युवा लीडरों का उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को संस्था से जोड़ने की प्रेरणा दी।

पूरे आयोजन में सूबेदारगंज यूनिट लीडरों का उत्कृष्ट अनुशासन, जिम्मेदारी और टीम भावना देखने को मिली। रेलवे परिवारों ने बच्चों की इस सामूहिक सहभागिता का भरपूर आनंद उठाया। डांडिया के माध्यम से बच्चों को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ कार्यक्रम प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता निखारने का भी बेहतरीन अवसर मिला। कार्यक्रम की मुख्य संचालक सुश्री पूजा शर्मा; व्यवस्थापक – प्रियांशु, आकाश यादव; सजावट एवं प्रसाद निर्माण व वितरण – सारिका सिंह, पूजा रानी, सोनम, ऋतु सिंह, अंकिता शर्मा, शुभम सिंह, ललित सिंह, प्रीत सिंह, अभिषेक सिंह, संस्कार, गौरव; तथा मंच संचालन – सोनाली शर्मा एवं मुस्कान द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *