पतरातू, ।पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा आयोजित गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन (GEM)-2026 का समापन समारोह बुधवार को आरण्य गेस्ट हाउस में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ऋतुराज, आईएएस, उपायुक्त रामगढ़ थे। समारोह में ए.के. सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी,पीवीयूएनएल,रेनू सहगल, अध्यक्षा,स्वर्णरेखा महिला समिति तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल खिलाड़ी दिव्यानी लिंडा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके पश्चात प्रतिभागी छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नाटक (स्किट), राजस्थानी लोकनृत्य, योग प्रदर्शन एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रम शामिल थे। छात्राओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और अभिव्यक्ति ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को अत्यंत प्रभावित किया।

समारोह के दौरान पीवीयूएनएल द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) एवं सामुदायिक विकास (CD) के अंतर्गत फुटबॉल खिलाड़ी सुश्री दिव्यानी लिंडा को उनके खेल एवं प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु ₹2,40,000 की प्रायोजन राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन-2026 पर आधारित विशेष फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें कार्यशाला के दौरान छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, सीखने की प्रक्रिया एवं उनके आत्मविश्वास में आए सकारात्मक बदलावों को दर्शाया गया। फिल्म को उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ऋतुराज, आईएएस ने पीवीयूएनएल की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुति कौशल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीवीयूएनएल केवल विद्युत उत्पादन ही नहीं, बल्कि आसपास के गांवों के सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की पहल को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर ए.के. सहगल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीवीयूएनएल ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन के माध्यम से छात्राओं के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पीवीयूएनएल का उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, जागरूकता एवं कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले अभिभावकों, विद्यालयों एवं सभी सहभागी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, पीवीयूएनएल के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वर्णरेखा महिला समिति की सदस्याएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम का समापन छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर किया गया।
