बीसीसीएल सीएसआर के तहत इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले छात्रों को विभिन्न कंपनियों में मिला शत-प्रतिशत नियोजन

Spread the love

धनबाद । भारत कोकिंग कोल लिमिटेड द्वारा अपने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत संचालित इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल अभ्यथियों हेतु कोयला भवन मुख्यालय स्थित सम्मलेन कक्ष में आज एक सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक  समीरन दत्ता ने सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले छात्रों में से पांच चयनित अभ्यर्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 के सीएसआर मद के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोल ब्लाक, धनबाद तथा इसके आसपास के ग्रामीण युवाओं का चयन किया गया था। जिन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय (एमएसएमई) के अधीन संचालित सीटीटीसी (सेंट्रल टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर) कोलकाता में मशीन लर्निंग और औद्योगिक उत्पाद निर्माण प्रक्रियाओं पर ट्रेनिंग दी गयी।  

बीसीसीएल के सहयोग से संचालित इस छह माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत गत वर्ष 20 सितंबर को की गयी जो 19 मार्च 2025 को पूर्ण हुआ। ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए कुल 75 युवाओं का चयन किया गया था, जिन्हें राष्ट्रीय व्यवसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) से मान्यता प्राप्त तकनीशियन सीएनसी मशीनिंग, सहायक ऑपरेटर सीएनसी टर्निंग और वेल्डिंग जैसे उन्नत कोर्सेज में प्रशिक्षित किया गया। बीसीसीएल द्वारा इस [पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम पर लगभग 85 लाख रुपये का खर्च वहन किया गया। जिसमें बीसीसीएल ने शत-प्रतिशत प्लेसमेंट लक्ष्य हासिल किया। कुल 73 छात्रों ने प्रशिक्षण पूरा किया, जिसमें सभी सफल प्रतिभागियों को एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, कास्टिंग, मोल्डिंग और स्टील उद्योग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त हुआ है, जिनमें से कई अभ्यर्थियों को जिंदल स्टील, टाइके कास्ट और सीटीएम इंडिया लिमिटेड जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में भी नियुक्ति मिली है। 

मौके पर छात्रों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर सीएमडी  दत्ता ने हर्ष व्यक्त किया और प्रशिक्षणार्थियों के परिश्रम और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ‘बीसीसीएल का सीएसआर कार्यक्रम सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति भारत कोकिंग कोल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और विस्तार किया जाएगा। उन्होंनें यह भी कहा कि बीसीसीएल धनबाद और आसपास के युवाओं को इस प्रकार के रोजगारोन्मुखी कौशल विकास प्रशिक्षण दिलाकर और उनके उज्ज्वल भविष्य के हेतु कृत-संकल्पित है।

निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्णा रमैय्या ने भी प्रतिभागियों को उनके सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छात्रों ने अपनी अथक मेहनत और समर्पण ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया है। उन्होंनें आशा व्यक्त की कि सफल छात्र अपनी प्रतिभा और कौशल से न सिर्फ अपने जीवन में सुधार लाएंगे, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी योगदान देंगे। समारोह के दौरान प्रशिक्षित छात्रों ने चंद्रयान-3 और प्रज्ञान रोवर के प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए और बीसीसीएल के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सीएमडी और निदेशक (कार्मिक) मुरली कृष्ण रमैया के अतिरिक्त महाप्रबंधक (सीएसआर)  कुमार मनोज, वरिष्ठ प्रबंधक (सीएसआर) सुश्री नीलांजना चक्रबर्ती, प्रबंधक (सीएसआर)  अभिजीत मित्रा और तथा सीटीटीसी (सेंट्रल टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर), कोलकाता के प्रशिक्षक श्री रौनिक घोष और  शुभोजित नासकर भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *