ऊर्जा क्षेत्र में बीआरबीसीएल की सशक्त प्रगति, सामाजिक विकास के प्रति प्रतिबद्ध – दीपक रंजन देहुरी 

Spread the love

बीआरबीसीएल में प्रेस वार्ता का आयोजन

औरंगाबाद । भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड (बीआरबीसीएल) के आनंदा अतिथि गृह में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी,  दीपक रंजन देहुरी की प्रेस वार्ता हर्षपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों, वेब पोर्टल्स एवं समाचार एजेंसियों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी  दीपक रंजन देहुरी ने की। 

प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बीआरबीसीएल की स्थापना, कार्यप्रणाली एवं देश की ऊर्जा आवश्यकताओं में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी लिमिटेड एवं भारतीय रेल के संयुक्त उद्यम के रूप में स्थापित बीआरबीसीएल आज ऊर्जा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण इकाई के रूप में कार्य कर रही है, जहां 250 मेगावाट क्षमता की चारों इकाइयाँ सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।

वित्त वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों को साझा करते हुए श्री देहुरी ने बताया कि बीआरबीसीएल ने कुल 6089.99 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया। इस अवधि में स्टेशन डीसी 87.95% एवं प्लांट लोड फैक्टर 69.52% रहा। साथ ही, कुल राख उपयोग 132.38% दर्ज किया गया, जो पर्यावरणीय दायित्वों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। श्री देहुरी ने यह भी जानकारी दी कि बीआरबीसीएल को विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिनमें सब-क्रिटिकल श्रेणी में चैंपियंस ट्रॉफी, पावर जेन मीट अवार्ड्स में वाटर मैनेजमेंट अवार्ड तथा ग्रीनटेक फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट लीडरशिप अवार्ड शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, जनसंपर्क एवं कॉर्पोरेट उत्तरदायित्व के क्षेत्र में भी कंपनी को पीआरसीआई एक्सीलेंस अवार्ड्स में चार सम्मान प्राप्त हुए हैं।

सामाजिक दायित्वों के तहत बीआरबीसीएल द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए श्री देहुरी ने बताया कि परियोजना प्रभावित गांवों में सड़क निर्माण, सोलर हाई मास्ट लाइट की स्थापना, डायग्नोस्टिक सेंटर निर्माण एवं आईटीआई की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, टीबी मरीजों के लिए न्यूट्रिशन किट वितरण एवं बालिकाओं के लिए बालिका सशक्तिकरण अभियान जैसे कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, जनजातीय समुदाय के 51 परिवारों को सोलर ऊर्जा के माध्यम से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व ये परिवार विद्युत सुविधा से वंचित थे।

अपने संबोधन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज और संस्थाओं के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य करता है तथा निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से जन-जन तक सही जानकारी पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अंत में उन्होंने सभी पत्रकारों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *