1289 यात्रियों को प्रभारित कर वसूला गया 5,17,620/- रुपए जुर्माना
प्रयागराज ।प्रयागराज मंडल के अंतर्गत मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल के मार्गनिर्देशन में एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक, उत्तर मध्य रेलवे, कानपुर अकांशु गोविल के नेतृत्व में दिनांक 09.05.2026 से 13.05.2026 तक कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करना था।
दिनांक 09 मई, 2026 से 14 मई, 2026 तक कानपूर सेंट्रल पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत टिकट जांच स्टाफ द्वारा बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों तथा अनबुक्ड लगेज ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस विशेष अभियान के दौरान कुल 1289 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के तहत प्रभारित किया गया, जिनसे कुल 5,17,620/- रुपये का जुर्माना वसूल किया गया । इसमें 310 बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से 2,22,680/- रुपये, 489 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 2,45,740/- रुपए एवं गंदगी/धुम्रपान करने वाले 490 यात्रियों से 49,200/- रुपयेजुर्माना वसूला गया । यह अभियान न केवल राजस्व वृद्धि में सहायक सिद्ध हुआ, बल्कि रेल परिसरों में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
रेल प्रशासन अपने सभी सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। यात्रियों से अनुरोध है कि कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें और किसी भी प्रकार की असुविधा या अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें।
प्रयागराज मण्डल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुखद यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रखे जाएंगे।
