एनसीएल में साइबर सुरक्षा जागरूकता पर आयोजित हुआ विशेष सत्र

Spread the love

साइबर सुरक्षित व्यवहार अपनाने और डिजिटल सतर्कता बढ़ाने का दिया संदेश

सोनभद्र, सिंगरौली। शुक्रवार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत एक विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य कर्मियों व हितग्राहियों के बीच साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ कुलदीप वर्मा ने अतिथि वक्ता के रूप में प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। सत्र में ऑनलाइन धोखाधड़ी, यूपीआई एवं ओटीपी से संबंधित साइबर ठगी, फिशिंग तथा सोशल मीडिया पर उत्पन्न होने वाले साइबर खतरों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों को अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचने, ओटीपी एवं अन्य गोपनीय जानकारियां किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध संदेशों और कॉल के प्रति सतर्क रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, डिजिटल लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने और साइबर सुरक्षा से जुड़ी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि साइबर सुरक्षा तकनीकी व्यवस्था के साथ साथ प्रत्येक व्यक्ति की सतर्कता और जिम्मेदारी भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सभी से साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को अपने कार्यस्थल, परिवार और सामाजिक परिवेश में साझा करने तथा सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

इस विशेष सत्र में एनसीएल मुख्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष व लगभग 80 कर्मियों तथा हितग्राहियों  ने सहभागिता दी। इस अवसर पर मुख्य वक्ता ने प्रतिभागियों के साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवालों व उत्सुकताओं के जबाब भी दिए । कार्यक्रम का समन्वयन एनसीएल के सिस्टम विभाग द्वारा किया गया। एनसीएल साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के अंतर्गत इस प्रकार की पहलों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने और साइबर खतरों से बचाव के लिए जागरूकता प्रसारित करने की दिशा में प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *