115 लाभार्थियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, 66 बच्चों का हुआ दन्त परीक्षण
अनपरा, सोनभद्र। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन एवं हेड एचआर आशीष पांडेय के निर्देशन में ग्रामीण विकास विभाग, रेनुसागर द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय गरबन्धा में विशेष नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर नि:शुल्क पंजीकरण कराते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। नगर पंचायत अनपरा के कृष्णानगर गरबन्धा सभासद प्रतिनिधि महाबीर बैसवार ने चिकित्सा शिविर में पहुंचकर रेनुसागर द्वारा दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
चिकित्सा शिविर में रेनुसागर चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इसमें फिजीशियन डॉ. मनोज कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. श्याम सुंदर एवं दंत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से संबंधित समस्याओं के आधार पर मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया। शिविर में कुल 115 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं दंत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह द्वारा 66 बच्चों का दंत परीक्षण कर उन्हें टूथपेस्ट एवं ब्रश वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित मरीजों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए विशेष चिकित्सा शिविर की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
गौरतलब है कि हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेनुपावर डिवीजन रेनुसागर द्वारा सीएसआर के तहत दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु समय-समय पर ऐसे चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी राजनाथ यादव, शिवम पाठक, किशोर कुमार, रमेश गुप्ता, आशा तिवारी एवं रेखा का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
