शारदीय नवरात्रि मेला में विंध्याचल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

Spread the love

 मेला अवधि में स्टेशन पर अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस के जवान तैनात 

प्रयागराज ।  विंध्याचल में दिनांक 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्रि मेला को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा विंध्याचल स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए टिकट, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, खानपान एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को बढ़ाया गया है।

यात्रियों को सुगमता से टिकट उपलब्ध कराने के लिए विंध्याचल स्टेशन पर 3 अनारक्षित टिकट काउंटर एवं 1 पूछताछ केंद्र संचालित किया जाएगा। आरक्षित टिकट काउंटर को दो शिफ्ट में चलाया जाएगा। टिकट काउंटरों पर कार्य के लिए 8 अतिरिक्त कर्मचारियों की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता एवं टिकट जांच के लिए 20 अतिरिक्त चेकिंग स्टाफ की तैनाती की जाएगी।

स्टेशन पर यात्रियों के लिए पहले से संचालित 5 खानपान स्टॉल उपलब्ध रहेंगे। आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में ट्रेनों का ठहराव दिया जाएगा। यात्रियों के लिए पर्याप्त संख्या में पेयजल प्वाइंट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही 15 पुरुष एवं 15 महिला अतिरिक्त शौचालय तथा अस्थायी यात्री शेड की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता के लिए स्टेशन सर्कुलेटिंग एरिया में एक खोया पाया केंद्र भी बनाया जाएगा । इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर, सर्कुलेटिंग एरिया, बस स्टैंड तथा मंदिर के आसपास रेलवे की समय-सारिणी एवं आवश्यक सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।  यात्रियों की सहायता और स्वास्थ्य सुविधा के लिए स्टेशन पर सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा संगठन, भारत स्काउट एवं गाइड, प्राथमिक चिकित्सा केंद्र तथा राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *