निष्पक्षता और सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज को सही दिशा दिखाना ही पत्रकारिता का वास्तविक धर्म – डॉ. रामजीत यादव

Spread the love

हिंदी पत्रकारिता दिवस पर दुद्धी प्रेस क्लब ने पत्रकारों को किया सम्मानित
हास्य कलाकार अभय शर्मा की मिमिक्री पर जमकर लगे ठहाके
दुद्धी,सोनभद्र। दुद्धी प्रेस क्लब के तत्वावधान में कस्बे के डी आर होटल में शनिवार रात हिंदी पत्रकारिता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के पत्रकारों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण रहे मशहूर कॉमेडियन अभय कुमार शर्मा, जिन्होंने नेताओं और अभिनेताओं की आवाज में पत्रकारों के चुनौतीपूर्ण जीवन को मंच पर उतारा, जिस पर पूरा सभागार ठहाकों से गूंज उठा।चुनौतियों के बीच पत्रकारिता का धर्मसमारोह के मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय दुद्धी के सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. रामजीत यादव ने हिंदी पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई है। निष्पक्षता और सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज को सही दिशा दिखाना ही पत्रकारिता का वास्तविक धर्म है। दुद्धी प्रेस क्लब ने हमेशा इस धर्म का निर्वहन किया है। हास्य और मिमिक्री का चला जादू कार्यक्रम में विशिष्ट आकर्षण के केंद्र रहे हास्य कलाकार अभय कुमार शर्मा ने अपनी कला से समां बांध दिया। उन्होंने देश के प्रमुख राजनेताओं और फिल्मी सितारों की हूबहू आवाज (मिमिक्री) निकालकर पत्रकारों के दैनिक जीवन और उनके संघर्षों को मजाकिया अंदाज में पेश किया। अभय शर्मा की एक के बाद एक बेहतरीन प्रस्तुतियों पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने को मजबूर हो गए और पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह के मुख्य अतिथि इंद्रजीत राय और विशिष्ट अतिथि संजय गौड़ धुर्वे ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण और तहसील स्तर पर पत्रकारिता करना कांटों भरी राह पर चलने जैसा है। सीमित संसाधनों में भी पत्रकार दिन-रात जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाते हैं। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने की। उन्होंने प्रेस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारों का सम्मान वास्तव में लोकतंत्र के स्तंभ का सम्मान है। इसके बाद अतिथियों द्वारा क्षेत्र के कर्मठ पत्रकारों को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न (शील्ड) भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के मंच का संचालन रमेश यादव और राकेश गुप्ता ने संयुक्त रूप से बेहद आकर्षक अंदाज में किया। इस दौरान प्रेस क्लब के मुख्य संरक्षक उपेंद्र कुमार तिवारी, अध्यक्ष रमेश यादव,महासचिव रवि सिंह, दैवी शक्ति, इब्राहिम, पप्पू,मनीष, सेराजुल हुद्दा के अलावा महुली, विंढमगंज, म्योरपुर, रेणुकूट, डाला सहित जिले के कई क्षेत्रों के पत्रकार गण एवं विभिन्न पत्रकार संगठन के पदाधिकारी, सदस्य और क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *