नगर निकायों में एक सप्ताह तक चलेगा विशेष अभियान
सोनभद्र। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद की नगर पालिका परिषद एवं समस्त नगर पंचायत क्षेत्रों में आज विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान प्रारंभ किया गया। यह अभियान आगामी एक सप्ताह तक निरंतर संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई निगरानी। अभियान के प्रथम दिवस नाला सफाई कार्यों की ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा एवं निगरानी बगीश कुमार शुक्ला अपर जिलाधिकारी ने की। इस दौरान संबंधित अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि नालों से निकाले गए कचरे का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए तथा स्वच्छता मानकों का पूर्ण अनुपालन हो।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई-डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नाला सफाई एवं स्वच्छता कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी नगर निकाय अभियान को सर्वाेच्च प्राथमिकता पर संचालित करें। यदि किसी स्तर पर उदासीनता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की है।
