रेणुका नदी किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Spread the love

ओबरा, सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पनारी टोला कड़िया के पास रेणुका नदी किनारे रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पीआरबी 5286 के माध्यम से मिलने पर ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में मृतक की पहचान मनोज साहनी (36 वर्ष) पुत्र पृथ्वीराज साहनी, निवासी मालवीय नगर, थाना ओबरा के रूप में हुई है। बताया गया कि मनोज जन्म से दोनों पैरों से दिव्यांग और अविवाहित था। वह प्रतिदिन नाव के सहारे नदी में जाल डालकर मछली पकड़ने का काम करता था।

परिजनों के अनुसार, मनोज शनिवार सुबह घर से मछली पकड़ने के लिए रेणुका नदी गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह करीब आठ बजे मालवीय नगर निवासी सुनील कुमार ने नदी किनारे पानी में शव देखा, जिसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई।पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मौत का कारण पानी में डूबना प्रतीत हो रहा है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कराई गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। वहीं परिजनों का आरोप है कि मृतक तैरने में माहिर था और डूब नहीं सकता, इसलिए उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के भाई ने पुलिस के सामने अपनी आशंका दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *