80 सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने 24 घंटे में नाबालिग बालिका को सकुशल किया बरामद

Spread the love

सोनभद्र। जनपद में अपराध रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर लापता नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।पुलिस के अनुसार, 7 फरवरी 2026 को लगभग 15 वर्षीय नाबालिग बालिका थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की सूचना पर थाना रॉबर्ट्सगंज में तत्काल मुकदमा पंजीकृत कर बालिका की तलाश शुरू की गई।

पुलिस टीम ने पूरी रात लोढ़ी टोल प्लाजा से लेकर पंचमुखी मंदिर तक लगे लगभग 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और अन्य तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर बालिका की लोकेशन से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप 8 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे बालिका को बढ़ौली चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह रास्ता भटक जाने के कारण पन्नूगंज की ओर चली गई थी।बरामदगी के बाद बालिका को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की सराहना की।इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी कस्बा, टीएसआई, महिला कांस्टेबल सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *