लखनऊ में “शिक्षामित्र सम्मान समारोह” आयोजित

Spread the love

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शिक्षामित्रों को किया सम्मानित

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षामित्रों के सम्मान में मंगलवार को लखनऊ में “शिक्षामित्र सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, बीकेटी लखनऊ से विधायक योगेश शुक्ला, मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमरेश रावत, विधान परिषद सदस्य मुकेश सहित मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चयनित शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय 18,000 रूपये का प्रतीकात्मक डेमो चेक प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा से आच्छादित होने पर भी शिक्षामित्रों को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षामित्रों को परिवार का अभिन्न सदस्य बताते हुए आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के समाधान हेतु सरकार सदैव उनके साथ खड़ी है।

विधायक योगेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र विद्यालय व्यवस्था की आधारशिला हैं, जो प्रतिदिन सबसे पहले विद्यालय पहुंचकर संचालन की शुरुआत करते हैं और शिक्षा व्यवस्था को गतिशील बनाए रखते हैं। वहीं विधायक अमरेश रावत ने शिक्षामित्रों को बेसिक शिक्षा की “रीढ़” बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि के माध्यम से शिक्षामित्रों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने शिक्षामित्रों से अपेक्षा की कि वे इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए बेसिक शिक्षा के उन्नयन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) अवधेश शुक्ला ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राजेश सिंह, विभिन्न ब्लॉकों के खंड शिक्षा अधिकारी, एसआरजी, एआरपी तथा बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *