सेवा सेतु बना जनकल्याण का माध्यम, 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों तक पहुंचीं शासन की सेवाएं

Spread the love

*एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, आवास, प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और एग्री स्टैक जैसी सुविधाओं का मिला लाभ*

रायपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों के करीब लाने की मंशा जीपीएम जिले के ग्राम पंचायत निमधा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में साकार होती दिखी। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में 21 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, प्रधानमंत्री आवास, ड्राइविंग लाइसेंस, एग्री स्टैक पंजीयन, जाति प्रमाण पत्र सहित अनेक योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिला। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय गांव के नजदीक ही जरूरी सेवाएं सहजता से उपलब्ध हुईं।

कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र तथा सहायता सामग्री प्रदान की। शिविर से निमधा, लरकेनी, करसीवा, मड़वाही, रटगा, खुरपा, धरहर, धोबहर, साल्हेकोटा, नरौर, दरमोहली, बंधौरी, पथरी, पंडरी, बदरौड़ी, मालाडाँड, सिवनी, करहनी, पोड़ी, चचेड़ी एवं चिचगोहना ग्राम पंचायतों के ग्रामीण लाभान्वित हुए। शिविर का जनकल्याणकारी स्वरूप विभिन्न विभागों की सेवाओं में भी दिखाई दिया। स्वास्थ्य विभाग ने बीपी एवं शुगर जांच के साथ टीबी स्क्रीनिंग की तथा जरूरतमंद नौ हितग्राहियों को छड़ी एवं चश्मे प्रदान किए। ड्राइविंग लाइसेंस बनाने और किसानों के लिए एग्री स्टैक पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रही। स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिससे उन्हें आवश्यक दस्तावेज गांव के नजदीक ही प्राप्त हो सके।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को ग्रामीणों के लिए अधिक सुलभ बनाकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती सरिता भानू, ग्राम पंचायत निमधा की सरपंच श्रीमती शकुंतला सेंदराम, उप सरपंच श्रीमती सरिता जायसवाल सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *