दुद्धी (सोनभद्र)।सरकारी धन के सदुपयोग और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अशोक गुप्ता ने नगर पंचायत दुद्धी द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भुगतान से पहले कड़ा रुख अपनाते हुए स्थलीय निरीक्षण किया। इस औचक भौतिक सत्यापन से निर्माण कार्य कराने वाले ठेकेदारों और संबंधित पटल के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अशोक गुप्ता ने नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत हाल ही में निर्मित की गई सीसी रोड (सीमेंट कंक्रीट सड़क) और नालियों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने सड़क की मोटाई, प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता तथा नालियों के ढलान व जल निकासी व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। एसडीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप हर कार्य पूरी पारदर्शिता और उच्च मानकों के साथ होना चाहिए। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता या हेरफेर पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
भौतिक सत्यापन की इस प्रक्रिया के दौरान तकनीकी बारीकियों को जांचने के लिए जूनियर इंजीनियर (जेई) राजेश शर्मा और नगर पंचायत के मुख्य लिपिक आलोक कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। एसडीएम ने जेई को निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य का माप पुस्तिका (एमबी) के अनुसार मिलान करने के बाद ही रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि शासकीय धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।
इसके साथ ही नगर की सफाई व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। कस्बा वासियों और स्थानीय दुकानदारों से भी अपील की गई कि वे नालियों व सड़कों पर कचरा न फेंकें। नियमों का उल्लंघन कर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
