रक्षाबंधन पर मंत्री श्री शर्मा ने स्वच्छताकर्मी बहनों को उपहार देकर हर परिस्थिति में सहयोग का दिया भरोसा
स्वच्छताकर्मी बहनों की सेवा और समर्पण समाज के लिए प्रेरणादायी : मंत्री ए.के. शर्मा
लखनऊ। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को मऊ स्थित टाउन हॉल में स्वच्छताकर्मी महिलाओं ने उन्हें राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की आत्मीयता को अभिव्यक्त किया। इस अवसर पर स्वच्छताकर्मी बहनों ने मंत्री श्री शर्मा के प्रति अपना स्नेह और विश्वास व्यक्त किया।

मंत्री ए.के. शर्मा ने सभी स्वच्छताकर्मी बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। उन्होंने कहा कि स्वच्छताकर्मी बहनें और भाई अपने परिश्रम एवं समर्पण से शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके श्रम और सेवाभाव का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।श्री शर्मा ने स्वच्छताकर्मी महिलाओं को भरोसा दिलाया कि किसी भी परिस्थिति में वे उनके साथ खड़े हैं और हर संभव मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास, स्नेह और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों की मेहनत से ही हमारे शहर स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर बनते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ एवं सुंदर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को धरातल पर साकार करने में स्वच्छताकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर स्वच्छताकर्मी बहनों द्वारा उन्हें राखी बांधना उनके लिए आत्मीय और भावुक क्षण है। उन्होंने सभी बहनों को सुख, समृद्धि, स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर उपस्थित स्वच्छताकर्मी महिलाओं ने मंत्री ए.के. शर्मा को राखी बांधकर उनके प्रति आभार व्यक्त किया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
