प्रयागराज । भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘लंबित मामलों के निपटान के विशेष अभियान’ के अंतर्गत कार्यप्रणाली को सुगम बनाने (इज़ ऑफ वर्किंग) और डिजिटल स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कड़ी में आज उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में कर्मचारी कल्याण कोष के लिए विकसित वेब-आधारित पोर्टल ‘सेवा’ (कर्मचारी कल्याण आवेदन स्वीकृति पोर्टल) का औपचारिक उद्घाटन किया।

विशेष अभियान के तहत कार्यालयों को कागजी फाइलों के बोझ से मुक्त करने तथा स्वच्छता अपनाने का जो उद्देश्य निर्धारित किया गया है, ‘सेवा’ पोर्टल उसे प्रत्यक्ष रूप से धरातल पर उतारता है। इस पोर्टल के माध्यम से कल्याणकारी योजनाओं के दावे आवेदन से लेकर स्वीकृति तक पूरी तरह ऑनलाइन संसाधित होंगे, जिससे एक मेज से दूसरी मेज तक कागजी फाइलों की आवाजाही पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। यह पहल न केवल दफ्तरों में स्वच्छता और व्यवस्थित माहौल को बल देती है, बल्कि कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर कार्य सुगमता की दिशा में एक क्रांतिकारी बदलाव सिद्ध होगी।
शुरुआती चरण में यह पोर्टल कर्मचारी कल्याण कोष की तीन प्रमुख योजनाओं—चश्मा प्रतिपूर्ति तथा कर्मचारियों के बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति को कवर करता है। कर्मचारी अपने मोबाइल नंबर और एकमुश्त पासवर्ड (ओटीपी) के माध्यम से आसानी से पोर्टल पर लॉग-इन कर, एक ही बार में आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं तथा अपने आवेदन की स्थिति को मेज-दर-मेज ट्रैक कर सकते हैं। आवेदन जमा करने से पहले नियमों के अनुसार पात्रता की जांच स्वतः हो जाती है, जिससे त्रुटियों और मामलों के लंबित रहने की गुंजाइश समाप्त हो जाती है। प्रक्रिया को पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर डिजिटल हस्ताक्षर टोकन या ओटीपी के माध्यम से स्वीकृति दी जाएगी, जिसके बाद पोर्टल स्वतः बैंक भुगतान विवरण और लंबित मामलों की रिपोर्ट तैयार कर देगा। यह पोर्टल हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
इस एप्लिकेशन का डिज़ाइन और विकास उत्तर मध्य रेलवे के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ (आईटी सेल) द्वारा श्री तरुण कुमार शुक्ला (मुख्य प्रबंधक सूचना प्रौद्योगिकी/उत्तर मध्य रेलवे) के कुशल मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें श्री आशीष कुमार, श्री अमित कुमार एवं श्री अनिल कुमार पटेल का विशेष योगदान रहा।
उद्घाटन के अवसर पर महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने आईटी सेल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष अभियान के तहत लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और कार्य सुगमता को सुनिश्चित करने में ‘सेवा’ पोर्टल अत्यंत निर्णायक साबित होगा। फाइलों के कागजी संचलन को समाप्त कर हम न केवल दफ्तरों को अधिक स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे हैं, बल्कि कर्मचारियों को पारदर्शी और बाधारहित सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। यह कदम उत्तर मध्य रेलवे की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसके तहत कार्मिक संबंधी सभी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाकर सेवा वितरण में सुधार लाया जा रहा है। यह पोर्टल शीघ्र ही संपूर्ण रेलवे नेटवर्क के कर्मचारियों के लिए खोल दिया जाएगा।
