रेणुकूट। पिपरी नगर पंचायत स्थित कल्याण मंडप में शुक्रवार को सरकार की नीतियों एवं उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए लखनऊ से आए कलाकारों ने नाट्य मंचन प्रस्तुत किया। कलाकारों ने विभिन्न घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत करते हुए लोगों को सरकार की ओर से किए गए कार्यों की जानकारी दी। नाट्य मंचन के दौरान पहलगाम आतंकी हमला और उसके बाद चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर सहित विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अभिनय और संवादों के माध्यम से देश की सुरक्षा, आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तथा सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों में रुचि दिखाई।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हरिराम शाह ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं नाट्य मंचन के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है। प्रांतीय परिषद सदस्य राकेश पांडेय तथा विधानसभा संयोजक प्रभाशंकर मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री आशीष मिश्रा ने किया। इस दौरान प्रमोद जायसवाल, सोनाबच्चा कन्नौजिया,पीयूष चौरसिया, राम भगत यादव, सविता सिंह, रंजना सिंह, हीरावती खरवार समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। लखनऊ से आए कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों को प्रस्तुत करते हुए लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
