जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गोदाम का निरीक्षण कर एफएलसी कार्य का लिया जायजा, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
सोनभद्र। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के मद्देनजर जनपद में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की फस्र्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) सोमवार से शुरू हो गई। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट गोदाम, लोढ़ी में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के इंजीनियर मशीनों की जांच कर रहे हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने गोदाम का निरीक्षण कर एफएलसी कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों से जांच प्रक्रिया की जानकारी ली। वहीं, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं स्टेट ईवीएम नोडल अधिकारी गोपीनाथ कुअर ने भी ईवीएम और वीवीपैट मशीनों के निरीक्षण कार्य का जायजा लिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर शुरू हुई यह प्रक्रिया आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जांच के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी वागीश कुमार शुक्ला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बीईएल के इंजीनियर मौजूद रहे।
