प्रयागराज । 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल द्वारा व्यापक तैयारियाँ की गई हैं। मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देश पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। मण्डल कार्यालय स्थित वॉर रूम से स्टेशनों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। परीक्षार्थियों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए प्रमुख रेलवे स्टेशन पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इस हेल्प डेस्क के माध्यम से अभ्यर्थियों को ट्रेन एवं प्लेटफॉर्म संबंधी जानकारी, स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन, स्थानीय परिवहन संबंधी आवश्यक जानकारी तथा किसी भी प्रकार की कठिनाई की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा होगी।
इसके अतिरिक्त, संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टिकट काउंटरों की पर्याप्त उपलब्धता, ट्रेनों एवं प्लेटफार्मों से संबंधित घोषणाओं की नियमित व्यवस्था तथा एटीवीएम एवं अन्य टिकटिंग मशीनों के सुचारु संचालन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार विशेष गाड़ियों के संचालन की व्यवस्था भी रखी गई है।
कल दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET परीक्षा के दृष्टिगत प्रयागराज मंडल द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त रैकों का प्रावधान रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर इन्हें तत्काल संचालित कर यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।प्रयागराज मंडल परीक्षार्थियों की सुविधाजनक एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
