प्रयागराज में आरआरसी इलाहाबाद द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन, 29 जुलाई तक 3736 अभ्यर्थी होंगे शामिल

Spread the love

 प्रयागराज । रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test-PET) का आयोजन दिनांक 25 जुलाई से 29 जुलाई, 2026 तक प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड में किया जा रहा है। इस परीक्षा में कुल 3736 अभ्यर्थी शामिल होंगे। भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संपूर्ण परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा भर्ती प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें प्रत्येक परीक्षार्थी को निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करना अनिवार्य है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को 4 मिनट 15 सेकंड के भीतर 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होती है। इसके अतिरिक्त उन्हें 35 किलोग्राम भार उठाकर 2 मिनट के भीतर 100 मीटर की दूरी तय करनी होती है। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में पात्रता प्राप्त करने के लिए इन दोनों मानकों को सफलतापूर्वक पूरा करना आवश्यक है।

परीक्षा के प्रथम दो दिनों में परीक्षार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। 25 जुलाई 2026 को 480 परीक्षार्थियों तथा 26 जुलाई 2026 को 928 परीक्षार्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में भाग लिया। शेष अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई तक संपन्न कराई जाएगी। रेल प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों केआवश्यक दस्तावेजों एवं पहचान पत्र की सघन जांच के उपरांत ग्राउंडपर  परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करने के लिए गाइड किया जाता है । उत्तर मध्य रेलवे एवं रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ, इलाहाबाद का उद्देश्य संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करना है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता तथा सहायक कार्मिक अधिकारी रुपेश कुमार सुमन के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया जा रहा है। परीक्षा स्थल पर सुरक्षा, अनुशासन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है। परीक्षा की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं विश्वसनीय बनी रहे।  

परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा स्थल पर पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट तथा स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *