वाराणसी। आज 26 जुलाई को भारतवर्ष में 27वाँ कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे वायु सेना मेडल (वीरता) (अ०प्रा०) की अगुवाई में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय वाराणसी में वीर शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनपद वाराणसी के दो कारगिल योद्धा, पूर्व सैनिकों, सैनिक आश्रितों, एवं समस्त कर्मचारियों ने कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सैनिक कल्याण अधिकारी महोदय द्वारा शहीद सैनिकों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई एवं कारगिल योद्धा सिपाही अलीम अली, हवलदार अजय कुमार सिंह तथा वीर नारी श्रीमती प्रमिला देवी को माल्यार्पण कर अंगवस्त्र भेंट किया गया। कारगिल योद्धाओं ने कारगिल युद्ध के दौरान अपने अनुभव को साझा किया एवं अन्य वक्ताओं ने वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और बलिदान को याद करते हुए कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी अद्भुत वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और राष्ट्र का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर उपस्थित समस्त सैनिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने तथा वीर सैनिकों के बलिदान और उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी वाराणसी की गरिमामयी उपस्थिति में समस्त सैनिकों के साथ कार्यालय परिसर में *एक पेड़ मां के नाम* योजना के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रुप कैप्टन अशोक पांडे जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी वाराणसी ने कारगिल युद्ध पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय सेना के तीनों अंगों द्वारा इस युद्ध के दौरान जो अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया गया वह स्तुतय है एवं उन्होंने तथा कार्यक्रम में उपस्थित लगभग 150 भूतपूर्व सैनिक/आश्रितों ने देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
