महिसासुर मर्दनी की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भक्ति और उत्साह से सराबोर हुआ परिसर
अनपरा, सोनभद्र। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर फोनिक्स क्लब रेनुसागर के तत्वावधान में हिंडालको रेनुसागर परिसर स्थित पैराडाइज प्रेक्षागृह के प्रांगण में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला। उत्सवमय वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कर्मचारियों और उनके परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द एवं सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरे परिसर में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना रहा।
शारदीय नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस सांस्कृतिक समारोह में दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सदस्याये द्वारा नव दुर्गा के स्वरूप और उनकी महिमा को बड़े ही अदभुत ढंग से सजीव मंचन किया वही बच्चों द्वारा महिषासुर मर्दनी का नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर प्रांगण में मौजूद भक्तगण को भाव विभोर किया। भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा और नारी शक्ति के प्रति सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं सामुदायिक एकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
फोनिक्स क्लब रेनुसागर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने नवरात्र उत्सव की खुशियों को और अधिक यादगार बना दिया।इस अवसर पर हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर पी सिंह,दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सदस्या इंदु सिंह,संचालन हेड मनीष जैन,हेड एचआर आशीष पांडेय,संदीप येवले,निखिल जैन,मृदुल भारद्वाज,अभिनीत सिंह ,दीपक गहलोत ,दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या रीना जैन निशा पांडेय सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने किया।
