DFCCIL प्रयागराज OCC में फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का सफल आयोजन

Spread the love

प्रयागराज। आशीष मिश्रा, महाप्रबंधक सुरक्षा, पूर्वी कॉरिडोर प्रयागराज के आवाहन पर डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (DFCCIL) के प्रयागराज स्थित अत्याधुनिक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC) में आज स्थानीय फायर सर्विस प्रयागराज के सहयोग से एक व्यापक फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी (Evacuation) तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करना था।

मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन अलार्म बजते ही पूरे परिसर में त्वरित प्रतिक्रिया प्रक्रिया सक्रिय की गई। फायर सर्विस टीम ने विभिन्न प्रकार की आग — विशेषकर इलेक्ट्रिकल एवं ज्वलनशील पदार्थों से लगने वाली आग — को नियंत्रित करने के व्यावहारिक तरीके समझाए। खुले परिसर में लाइव डेमो के माध्यम से गैस एवं ड्राई पाउडर आधारित अग्निशामक यंत्रों का सफल प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान कर्मचारियों को भवन से सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से बाहर निकालने का अभ्यास कराया गया तथा आग अथवा धुएं से प्रभावित व्यक्तियों को दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार की जानकारी भी प्रदान की गई। DFCCIL अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं अग्निशामक यंत्रों का प्रयोग कर प्रशिक्षण प्राप्त किया।

फायर सर्विस प्रयागराज की टीम ने OCC परिसर में उपलब्ध फायर हाइड्रेंट सिस्टम एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की सराहना की तथा भविष्य में सुरक्षा मानकों को और अधिक मजबूत बनाए रखने हेतु सुझाव भी दिए।

मुख्य महाप्रबंधक प्रयागराज आनंद भूषण शरण ने कहा कि इस प्रकार के नियमित सुरक्षा अभ्यास कर्मचारियों में जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करते हैं।

प्रशिक्षण में फायर सर्विस प्रयागराज के फायरमैन एवं प्रशिक्षक रविभान उपाध्याय तथा नसीमुद्दीन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। DFCCIL सुरक्षा टीम से अखिलेश कुमार तिवारी, निरीक्षक/RPF/DFCCIL,  सुजीत कुमार राय, निरीक्षक तथा  पवन दुबे, निरीक्षक सहित RPF सूबेदारगंज टीम ने सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की। इस अवसर पर महाप्रबंधक विद्युत शशिकांत द्विवेदी, उप मुख्य परियोजना प्रबंधक मनुज सारस्वत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *