कृष्णमृग संरक्षण हेतु घास के मैदानों एवं आवास प्रबंधन पर कार्यशाला का आयोजन

Spread the love

प्रयागराज।मेजा ऊर्जा निगम प्राइवेट लिमिटेड ने वन विभाग एवं प्रयागराज प्रशासन के सहयोग से अपने परिसर में “जन, वन्यजीव एवं प्राकृतिक आवास के लिए मिलकर कार्य करें” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य चांद खमरिया कृष्णमृग संरक्षण रिज़र्व के संरक्षण तथा उसके आवास के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देश के प्रसिद्ध घासभूमि विशेषज्ञ एवं “भारत के घास विशेषज्ञ” के नाम से विख्यात प्रो. डॉ. गजानन डी. मुराटकर थे, जबकि प्रयागराज परिक्षेत्र के वन संरक्षक तुलसी दास विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत करते हुए मेजा ऊर्जा निगम के मुख्य महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) एन. एन. सिन्हा ने जैव विविधता संरक्षण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता तथा वन विभाग को निरंतर सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम ने अपने पर्यावरणीय स्वीकृति की प्रतिबद्धताओं के अनुरूप चांद खमरिया कृष्णमृग संरक्षण रिज़र्व के विकास एवं संरक्षण हेतु वन विभाग को ₹1.05 करोड़ का चेक प्रदान किया।

कार्यशाला के तकनीकी सत्र में प्रो. मुराटकर ने वैज्ञानिक घास के मैदान ke प्रबंधन, प्राकृतिक आवास पुनर्स्थापन, देशी घास प्रजातियों के संरक्षण तथा कृष्णमृगों के दीर्घकालिक संरक्षण हेतु आवश्यक सतत प्रबंधन उपायों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इसके साथ ही मेजा ऊर्जा निगम परिसर में देशी प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम में मेजा ऊर्जा निगम, वन विभाग, जिला प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय के वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यशाला का समापन चांद खमरिया कृष्णमृग संरक्षण रिज़र्व के सतत संरक्षण एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए सभी हितधारकों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाने पर सार्थक विचार-विमर्श के साथ हुआ। कार्यक्रम में  अरविंद यादव, प्रभागीय वनाधिकारी, प्रयागराज,  अशोक कुमार सामल, महाप्रबंधक (अनुरक्षण),  शरद सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी सेवाएँ)   विवेक चंद्रा, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन),  बप्पादित्य सरकार, अपर महाप्रबंधक (पी एंड एस),  अजय सिंह, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), वन प्रभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी, वन विभाग के अन्य अधिकारी, विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि, आसपास के ग्रामवासी तथा मेजा ऊर्जा निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *