प्रयागराज में मंडल राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की बैठक का आयोजन, हिंदी पत्रिका ‘रेल त्रिवेणी’ के नवीन अंक का विमोचन

Spread the love

प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल की अध्‍यक्षता में मण्डल कार्यालय के संकल्प सभागार में मंडल राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की बैठक संपन्‍न हुई। बैठक में प्रयागराज मंडल द्वारा प्रकाशित की जाने वाली हिंदी पत्रिका ‘रेल त्रिवेणी’ के नवीन अंक का विमोचन भी किया गया ।

मंडल रेल प्रबंधक ने बैठक में उपस्थित सभी शाखा प्रबंधकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी कार्य राजभाषा में निष्‍पादित करना हमारा संवैधानिक, राष्‍ट्रीय एवं नैतिक दायित्‍व है। हमारा मंडल पूर्ण रूप से हिंदी क्षेत्र में स्थित है और हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित कार्यालयों में राजभाषा के शत-प्रतिशत प्रयोग के लिए यह अपेक्षा की जाती है कि राजभाषा कार्यान्‍वयन की सभी मदों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि हालांकि हमारे मंडल में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग हो रहा है फिर भी सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्‍यों को पूरी तरह से हासि‍ल करने के लिए हमें और प्रयास करने की आवश्‍यकता है। राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले सभी कागजात हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी रूप में जारी किए जाने अनिवार्य हैं। मैं चाहूँगा कि आप सभी अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति का समुचित अनुपालन सुनिश्चित कराएं ताकि हमारा मंडल राजभाषा हिंदी के प्रयोग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सके। उन्‍होंने आगे कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रयोग-प्रसार बढ़ाने हेतु हमें सतत् प्रयत्‍नशील रहना होगा।   

इस अवसर पर अपर मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) श्री दीपक कुमार ने उपस्थित अधिकारियों को बताया कि उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह-2025 में प्रयागराज मंडल को राजभाषा में उत्कृष्ट कार्य हेतु महाप्रबंधक महोदय द्वारा सर्वोत्तम मंडल के लिए चल बैजयंती प्राप्त हुई। साथ ही उन्होंने अगली तिमाही में आयोजित किए जाने वाले राजभाषा पखवाड़ा में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में मंडल के समस्त शाखा प्रबंधक उपस्थित थें। सभी शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने शाखाओं में राजभाषा हिंदी की प्रगति के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया तथा हिंदी के प्रगामी प्रयोग हेतु कई सुझाव भी दिए। बैठक का संचालन श्री राजीव कुमार, सहा.मंडल वित्त प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *