प्रयागराज । महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेल नरेश पाल सिंह के कुशल निर्देशन में उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुख्यालय, प्रयागराज के अधीन आने वाले सभी जिला स्टेशनों पर वर्तमान में निःशुल्क एवं निःस्वार्थ जल सेवा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर, उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा सेवा भाव की एक मिसाल पेश की गई। ज्ञात हो कि, डॉ. (श्रीमती) चेतना गुप्ता के सौजन्य से यात्रियों के मध्य वितरण के लिए फ्रूटी के पैकेट उपलब्ध कराए गए थे, जिन्हें वितरण हेतु मुख्यालय की मनोनीत पदाधिकारी एवं जिला उपाध्यक्षा श्रीमती आयुषी भटनागर को सौंपा गया था।

श्रीमती आयुषी भटनागर ने सूबेदारगंज यूनिट के लीडरों के साथ मिलकर सूबेदारगंज स्टेशन पर भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की सेवा की। उनके नेतृत्व मे स्काउट-गाइड के स्वयंसेवकों द्वारा स्टेशन पर जम्मू मेल स्पेशल ट्रेन’ की जनरल बोगी के यात्रियों को न केवल शीतल जल पिलाया गया, बल्कि स्वयं पदाधिकारियों द्वारा फ्रूटी के पैकेट भी वितरित किए गए।
जहाँ एक ओर लोग भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए घरों में रहना पसंद कर रहे हैं, वहीं स्काउट-गाइड के सदस्य पूरी निष्ठा के साथ प्लेटफार्म पर यात्रियों की प्यास बुझाने में जुटे हैं। स्काउट्स एवं गाइड्स के इस निस्वार्थ कार्य को देखकर यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और टीम को सराहा। रेल पदाधिकारियों और आम जनता द्वारा इस मानवीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स सदैव समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
