*महाप्रबंधक (मानव संसाधन) विल्सन अब्राहम ने किया ध्वजारोहण, सुरक्षा जवानों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड
पटना। एनटीपीसी पूर्वी क्षेत्र-1 मुख्यालय में शनिवार को एनटीपीसी का 52वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री विल्सन अब्राहम ने मुख्यालय परिसर में एनटीपीसी का ध्वज फहराया। इसके बाद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से एनटीपीसी गीत का गायन किया। समारोह के मुख्य अतिथि, अब्राहम ने सुरक्षा जवानों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड की सलामी ली तथा उपस्थित कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी की उपलब्धियों और विकास यात्रा के उपलक्ष्य में श्री अब्राहम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केक काटकर स्थापना दिवस मनाया।
अपने संबोधन में अब्राहम ने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को एनटीपीसी के 52वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कंपनी के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए पूर्वी क्षेत्र-1 के अंतर्गत आने वाली परियोजनाओं एवं विद्युत स्टेशनों की प्रमुख उपलब्धियों और योगदान की जानकारी दी।
समारोह में एनटीपीसी के इंजीनियरिंग ऑफिस परिसर, नोएडा से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह के संबोधन का वेबकास्ट के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यालय परिसर में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने इस संबोधन को देखा और सुना। अपने संबोधन में श्री सिंह ने एनटीपीसी की विकास यात्रा, अब तक हासिल की गई उपलब्धियों तथा निगम की नवीन गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों के योगदान की सराहना की और तकनीकी बदलावों एवं नवाचारों को आगे बढ़ाने में सामूहिक प्रयासों की भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक (टी एस) अरूपम विश्वास, अपर महाप्रबंधक (पीईएम) संजीव कुमार भारती,उप महाप्रबंधक (नैगम संचार) विश्वनाथ चन्दन, सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
