मेजा।एनटीपीसी ऊंचाहार द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित चार माह के आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह आज लखनऊ स्थित सीपेट (CIPET) परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले सभी 60 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि एनटीपीसी ऊंचाहार के परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह रहे। इस अवसर पर सीपेट के संयुक्त निदेशक विवेक सिंह, एनटीपीसी ऊंचाहार के मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार तथा सीएसआर विभाग के सदस्य भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी ऊंचाहार परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रहा है। उन्होंने युवाओं से ईमानदारी, लगन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
चार माह के इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को तकनीकी ज्ञान एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान किए गए। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद सभी 60 प्रशिक्षुओं को रोजगार के अवसर प्राप्त होना इस पहल की सफलता का प्रमाण है।
एनटीपीसी ऊंचाहार अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा समाज के समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
