अर्पिता महिला मंडल द्वारा 16 जरूरतमंद बेटी-दुल्हनों को विवाह सहायता सामग्री वितरित

Spread the love

राँची।सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय के गंगोत्री कन्वेंशन सेंटर स्थित संगम सभागार में 13 जून, 2026 को अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में सामाजिक सरोकारों को समर्पित एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

कार्यक्रम के अंतर्गत विवाह योग्य एवं जरूरतमंद बेटी-दुल्हनों को विवाह सहायता सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रीता तिवारी, रूपा रानी, रीता मिश्रा एवं नीरू हंजूरा का विशेष सहयोग रहा।

इस पहल के तहत सीसीएल के 15 क्षेत्रों से चयनित 15 बेटी-दुल्हनों तथा मुख्यालय से चयनित एक बेटी-दुल्हन सहित कुल 16 लाभार्थियों को विवाह सहायता प्रदान की गई। क्षेत्रीय महाप्रबंधकों एवं मुख्यालय के सहयोग से प्रत्येक बेटी-दुल्हन को अलमारी, एयर बैग, साड़ी, चुन्नी, तौलिया, सुहाग पोटली तथा फलों की टोकरी भेंट की गई।

इसके अतिरिक्त प्रत्येक बेटी-दुल्हन को नकद सहायता राशि भी प्रदान की गई। वहीं, अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह ने अपने स्नेह एवं आशीर्वाद स्वरूप अतिरिक्त नकद राशि प्रदान कर नवजीवन की शुरुआत करने जा रही इन बेटियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि अर्पिता महिला मंडल समाज के वंचित एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि मंडल समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन कर जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का प्रयास करता है तथा आगे भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

सहायता सामग्री एवं आशीर्वाद प्राप्त कर सभी बेटी-दुल्हनें भावुक एवं प्रसन्न नजर आईं। उनके चेहरों पर आत्मविश्वास, संतोष और नई उम्मीदों की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही थी। उन्होंने अर्पिता महिला मंडल तथा सभी सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

यह पहल समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को सशक्त करने का उत्कृष्ट उदाहरण है। अर्पिता महिला मंडल द्वारा किया गया यह प्रयास बेटी-दुल्हनों के जीवन में सम्मान, आत्मविश्वास और खुशियों का संचार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *