एनटीपीसी सिंगरौली को मिला नया नेतृत्व : ई. प्रभाकर राव ने कार्यकारी निदेशक का कार्यभार संभाला

Spread the love

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली को  ई. प्रभाकर राव के रूप में नया नेतृत्व प्राप्त हुआ है। ऊर्जा क्षेत्र के अनुभवी एवं दूरदर्शी प्रबंधक  ई. प्रभाकर राव ने परियोजना के कार्यकारी निदेशक के रूप में दिनांक 10.06.2026 को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। विद्युत क्षेत्र में लगभग 37 वर्षों के व्यापक अनुभव से समृद्ध  राव का नेतृत्व एनटीपीसी सिंगरौली की प्रचालन उत्कृष्टता एवं तृतीय चरण विस्तारीकरण को नई गति प्रदान करेगा। वर्ष 1989 में एनटीपीसी में कार्यकारी प्रशिक्षु के रूप में अपने व्यावसायिक जीवन की शुरुआत करने वाले  राव ने संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट नेतृत्व, प्रबंधन कौशल तथा परिणामोन्मुख कार्यशैली का परिचय दिया है। अपने दीर्घ एवं गौरवशाली सेवाकाल में उन्होंने विंध्याचल, पश्चिमी क्षेत्र मुख्यालय (मुंबई), दक्षिणी क्षेत्र मुख्यालय (हैदराबाद), उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय (लखनऊ) तथा कॉर्पोरेट सेंटर, नई दिल्ली/नोएडा सहित अनेक महत्वपूर्ण इकाइयों एवं कार्यालयों में महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

 राव को विद्युत उत्पादन एवं प्रबंधन के विविध क्षेत्रों ऑपरेशन, कमीशनिंग एवं टेस्टिंग, दक्षता प्रबंधन, वाणिज्यिक गतिविधियों, नियामकीय मामलों, बिलिंग एवं अकाउंटिंग, वाणिज्यिक समन्वय तथा कॉर्पोरेट योजना में कार्य करने का व्यापक अनुभव प्राप्त है। उनकी रणनीतिक सोच, प्रबंधन दक्षता तथा व्यावसायिक दृष्टिकोण ने एनटीपीसी की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 राव ने वर्ष 1988 में नागार्जुन विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक. की उपाधि प्राप्त की। इसके अतिरिक्त उन्होंने नेतृत्व विकास, प्रदर्शन प्रबंधन, ऊर्जा क्षेत्र की वाणिज्यिक एवं नियामकीय चुनौतियों तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता से संबंधित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहभागिता की है। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत  राव ने कहा कि सुरक्षा, उत्कृष्ट प्लांट प्रचालन, उत्पादन क्षमता में निरंतर सुधार, पर्यावरणीय दायित्वों का प्रभावी निर्वहन तथा कर्मचारियों एवं स्थानीय समुदाय के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना, नवाचार एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने का आह्वान किया। एनटीपीसी सिंगरौली यूनियन एवं एशोसिएशन ने  ई. प्रभाकर राव का हार्दिक स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व, समृद्ध अनुभव एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में परियोजना नई उपलब्धियों के कीर्तिमान स्थापित करेगी तथा संगठनात्मक उत्कृष्टता के नए आयाम प्राप्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *