हिन्दी भाषा ही नही अपितु संस्कृति, परम्परा एवं भावनाओं की अभिव्यक्ति

Spread the love

मनोज पाण्डेय 

प्रयागराज। हिन्दी दिवस के अवसर पर सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, सर्वोदय नगर में *अन्तर्विद्यालयी निबन्ध प्रतियोगिता* का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन राष्ट्रीय श्री रामायण मेला समिति,भारतीय सांस्कृतिक परिषद, प्रयागराज के तत्वावधान में तथा सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, सर्वोदय नगर के आयोजकत्व में किया गया। हिन्दी साहित्य के जनक कवि एवं साहित्यकार भारतेन्दु हरिश्चन्द्र को श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।

प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हिन्दी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने तथा उनके शैक्षणिक एवं रचनात्मक ज्ञान को विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विषयानुकूल एवं ज्ञानप्रेरक निबन्ध प्रस्तुत किए। विद्यालय में कक्षा षष्ठ से कक्षा द्वादश तक के भैया-बहन ने भी विद्यालय स्तर पर हिन्दी-निबन्ध प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डाॅ शम्भुनाथ त्रिपाठी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों दुर्गेश दुबे एवं सतीश कुमार गुप्त ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने हिन्दी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिन्दी के अध्ययन एवं प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी ने अतिथियों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिन्दी केवल हमारी भाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परम्परा और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा साहित्य के अध्ययन का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन आचार्य विजय अभिनन्दन मिश्र ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्यगण एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *