‘राष्ट्रीय ध्वज वितरण के साथ टीम एनसीएल ने ली ‘सेल्फी विद तिरंगा’
सोनभद्र, सिंगरौली। सिंगरौली स्थित भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में आगामी स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा” अभियान उत्साह पूर्वक मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजना एवँ इकाइयों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को एनसीएल में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में टीम एनसीएल ने एक स्वर और एक ताल में ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त इस अवसर पर उपस्थित सभी को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय ध्वज का वितरण और राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी भी ली गई। इस अवसर पर मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार, निदेशक (तकनीकी), आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी, एनसीएल अजय कुमार जायसवाल, महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे। इस से पूर्व गत बुधवार को एनसीएल मुख्यालय सहित सभी परियोजना एवँ इकाइयों द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता रैलियों का आयोजन किया गया। इस दौरान रैली में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में शान से लहराता राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों ने भारत माता के जयकारों के साथ स्थानीय जन मानस से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की और राष्ट्र प्रेम का अलख जगाया।
गौरतलब है कि भारत में इस वर्ष 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे गर्व और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है इस उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभर में प्रत्येक भारतीय के दिल में तिरंगे के प्रति अगाध सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
