शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा मुहर्रम का त्यौहार- ज़िलाधिकारी

Spread the love

नहीं होगी कोई नई परंपरा की शुरुआत-पुलिस आयुक्त*

प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी अपने क्षेत्र के ताजिये वालें स्थानों का भ्रमण कर वहाँ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराए*

*समिति सदस्यों से कहा गया कि कोई भी ताजिए के साथ अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन न करें*

*मोहर्रम को सकुशल संपन्न कराने को लेकर हुई शांति समिति की बैठक*

वाराणसी। आगामी मोहर्रम त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक धर्मगुरुओं/इमामों/ताजियेदारों और सिविल डिफेंस के सदस्यों के साथ बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने इसमें एक-एक कर सभी शान्ति समिति के सदस्यों से बातचीत कर उनकी समस्याएँ सुनी और पूरी ज़िम्मेदारी के साथ समाधान कराने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिये। साथ ही समिति के सदस्यों को सुरक्षा व अन्य व्यवस्था के दृष्टिगत जरूरी सतर्कता बरतने के लिए कहा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को ताजिये वालें स्थानों का भ्रमण कर वहाँ पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति के सदस्यों से कहा कि कोई भी ताजिए के साथ अस्त्र-शस्त्र लेकर प्रदर्शन न करें। डीजे की आवाज भी सामान्य रखें।

  जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले एक साल के सभी त्यौहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए हैं।कहा कि सभी जनपदवासी आगामी मोहर्रम के त्यौहार सहित अन्य त्यौहारों को भी परम्परागत,पूरे हर्षोल्लास व शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे। कहा कि कोई ऐसा कार्य न किया जाए, जिससे किसी की भावना को ठेस पहुँचे। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से कहा ताजिये की ऊँचाई निर्धारित मानक के अनुसार ही होनी चाहिए,ये आप सभी सुनिश्चित करेंगे।कहा कि सभी की आस्था का सम्मान हो और कोई नई परंपरा की शुरुआत न हो। जुलूस के लिए पारंपरिक मार्गों के अनुसार ही आयोजन करने की बात कही गई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को सीवर और नालों व ताजियें वाले स्थानों की बेहतर साफ सफाई और चूने के छिड़काव तथा ग्रामीण क्षेत्रो में इस व्यवस्था के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि गरिमा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से ही त्यौहार मनाया जाए। तकनीक का जमाना है, कोई ये न सोचे की अपराध करके बच जाएगा। आज कल चारों तरफ़ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी सुरक्षाकर्मियों के हाथों में मोबाइल है ही।उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों से कहा कि कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर की सूचना मिलने पर उसकी तत्काल सूचना जिला प्रशासन या अपने पास के थाने में अवश्य दें, जिसका संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके, जिससे जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बना रहे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट ना करें।उन्होंने थानों में होने वाली शांति समिति की बैठकों में पिछले वर्षों के चिन्हित स्थानों के बारे में सावधानी बरतने का निर्देश दिया। कहा कि सोशल मीडिया और ड्रोन कैमरा के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।  बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवालव नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित जनपद के सभी मस्जिदों के इमाम मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *