सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 में 1,200 से अधिक इंजीनियरिंग छात्र शामिल

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के व्यावसायिक प्रशिक्षण (वोकेशनल ट्रेनिंग) -2026 कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों के 1,200 से अधिक स्नातक इंजीनियरिंग छात्रों ने भाग लिया है। उल्लेखनीय है कि, अप्रैल से जून 2026 के दौरान छात्र चार अलग-अलग बैचों में प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुड़े हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सभी बैचों का शुभारंभ आरएसपी के ज्ञानार्जन एवं विकास (एल एंड डी) विभाग के गोपबंधु सभागार में आयोजित अभिमुखी सत्रों के साथ हुआ। मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, धातुकर्म (मेटलर्जिकल), सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कंप्यूटर साइंस सहित विभिन्न इंजीनियरिंग विषयों के छात्र भारत के सबसे बड़े एकीकृत इस्पात संयंत्रों में से एक के कार्य-प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं।

अभिमुखी कार्यक्रम का आयोजन मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी), प्रमोद कुमार साहू, के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी), प्रदीप्त कुमार साहू तथा ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सत्रों का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को राउरकेला इस्पात संयंत्र के इतिहास एवं विकास, उत्पादन प्रक्रियाओं, उत्पाद श्रृंखला तथा कार्यस्थल सुरक्षा एवं औद्योगिक अनुशासन के महत्व से अवगत कराना था। जानकारीपूर्ण प्रस्तुतियों, ऑडियो-विजुअल मॉड्यूल तथा संयंत्र की उत्पादन श्रृंखला को प्रदर्शित करने वाली इमर्सिव वर्चुअल रियलिटी (वीआर) फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को संपूर्ण इस्पात निर्माण प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा प्रोटोकॉल, विभागीय दिशानिर्देशों तथा सर्वोत्तम कार्य-पद्धतियों पर विशेष बल दिया गया।

अभिमुखीकरण के पश्चात प्रशिक्षुओं को संयंत्र के विभिन्न विभागों में भेजा गया, जहाँ वे नामित मेंटर्स एवं मार्गदर्शकों के निर्देशन में कार्य करते हुए परिचालन प्रक्रियाओं, आधुनिक प्रौद्योगिकियों तथा औद्योगिक प्रबंधन प्रणालियों को समझेंगे और अपनी परियोजना रिपोर्ट तैयार करेंगे। संपूर्ण कार्यक्रम का समन्वय सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन-एल एंड डी), श्री दुर्योधन साहू तथा एल एंड डी टीम द्वारा किया गया उल्लेखनीय है कि, राउरकेला इस्पात संयंत्र प्रत्येक वर्ष सैकड़ों इंजीनियरिंग विद्यार्थियों, विशेष रूप से कर्मचारियों के आश्रितों तथा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के छात्रों को उनकी शैक्षणिक इंटर्नशिप आवश्यकताओं के अंतर्गत व्यावसायिक प्रशिक्षण का अवसर प्रदान करेगा । यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को बड़े पैमाने के औद्योगिक संचालन, उन्नत इस्पात निर्माण प्रौद्योगिकियों तथा पेशेवर कार्य-संस्कृति का अमूल्य अनुभव प्रदान करेगा, जिससे कक्षा में प्राप्त ज्ञान और उसके व्यावहारिक अनुप्रयोग के बीच की दूरी कम होगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *