सोनभद्र। (जी.जी.न्यूज) भारतीय मजदूर संघ, जिला सोनभद्र के तत्वावधान में गुरुवार को कर्मचारियों एवं श्रमिकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित 22 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दशा राम यादव ने की तथा संचालन जिला मंत्री एल. पी. शुक्ल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बी. डी. विश्वकर्मा तथा विभाग प्रमुख अश्विनी कुमार शुक्ल सहित विभिन्न संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आशा, आंगनबाड़ी, एनएचएम, सफाई कर्मचारी, बैंक कर्मचारी, ऊर्जा क्षेत्र के कर्मचारी, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक एवं अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे ने कहा कि श्रमिक, कर्मचारी एवं संविदा कर्मी महंगाई, वेतन विसंगति, सामाजिक सुरक्षा के अभाव, रिक्त पदों पर भर्ती न होने तथा संविदा कर्मियों के शोषण जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनके समाधान के लिए सरकार को तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
विभाग प्रमुख अश्विनी कुमार शुक्ल ने आशा, आंगनबाड़ी एवं एनएचएम कर्मियों को सम्मानजनक मानदेय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए स्पष्ट सेवा नियमावली बनाए जाने की मांग उठाई। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बी. डी. विश्वकर्मा ने वर्ष 2023 की सांकेतिक हड़ताल में शामिल भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ऊर्जा विभाग की यूनियनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों पर की जा रही उत्पीड़नात्मक कार्रवाई समाप्त करने, 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा के बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली तथा चीनी मिल एवं डिस्टिलरी कर्मचारियों के लंबित वेतन पुनरीक्षण की अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग की।
ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को लागू करने, पुरानी पेंशन बहाली, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि, एनएचएम कर्मियों की समस्याओं के समाधान, बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, सहकारी बैंक कर्मचारियों के वेतनमान पुनरीक्षण, नगर निकायों में स्थायी सफाई कर्मियों की भर्ती, पत्रकारों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने सहित कुल 22 मांगें शामिल थीं। कार्यक्रम के उपरांत भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों को प्रदेश सरकार तक पहुंचाने एवं उनके शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया। इस दौरान राजबली सिंह, रामबली यादव, रमेश कुमार सिंह, मनोज कांदु, पवन शर्मा, उपेन्द्र सिंह, शशिकांत वैसवार, स्वतंत्रता सिंह, नवीन सिंह, भूनेश शरणागत, के. वी. राय सहित विभिन्न संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
