हिंडाल्को जनसेवा ट्रस्ट ने बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
लिलासी, सोनभद्र। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को म्योरपुर कस्बे के बिड़ला विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में हिंडाल्को जनसेवा ट्रस्ट की ओर से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कठपुतली नाटक और लोकगीतों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, साफ-सफाई और शौचालय के नियमित उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। मनोरंजक और रोचक प्रस्तुतियों के जरिए बच्चों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ ग्रामीण समुदाय को स्वच्छ शौचालय के महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल और संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान आयोजनकर्ताओं ने बताया कि खुले में शौच करने से वातावरण दूषित होता है और कई तरह के संक्रमण एवं जलजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ जाता है। स्वच्छता के प्रति थोड़ी सी लापरवाही भी परिवार और समाज के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
कार्यक्रम में लोगों को बताया गया कि घरों में शौचालय का निर्माण कराने के साथ उसका नियमित उपयोग करना भी बेहद जरूरी है। भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने तथा घर और आसपास के परिसर को साफ रखने जैसी आदतों को दैनिक जीवन में शामिल करना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें परिवार, विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छता के नियमों का पालन करेंगे और अपने परिवार, पड़ोस तथा ग्रामीणों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन स्वच्छता कार्यकर्ती कनकलता की देखरेख में संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से बच्चों को यह संदेश दिया गया कि शौचालय का नियमित उपयोग, व्यक्तिगत साफ-सफाई और स्वच्छ पेयजल स्वस्थ जीवन की बुनियादी जरूरतें हैं। बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के संदेश को अपने घरों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर विश्वकर्मा, ग्राम प्रधान म्योरपुर संगीता देवी, गणेश जायसवाल, सुबलाल सिंह, विनय सिंह, श्रवण कुमार, मनोज यादव, अनिरुद्ध मिश्रा, मंजू कुमारी, आयुषी जायसवाल, मंगला प्रसाद सहित हिंडाल्को जनसेवा ट्रस्ट के अधिकारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
