आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित किया गया भूतपूर्व विद्यार्थियों का सम्मेलन

Spread the love

रेनुकूट। आदित्य बिड़ला समूह के हृदय सम्राट स्व. श्री आदित्य विक्रम बिड़ला की जयंती के अवसर पर हिण्डाल्को द्वारा संचालित आदित्य बिड़ला इंटरमीडिएट कॉलेज, रेणुकूट में भूतपूर्व विद्यार्थियों का सम्मेलन-2026 आयोजित किया गया। विगत 62 वर्षों से संचालित इस विद्यालय से उत्तीर्ण 100 से अधिक छात्र-छात्राएं इस आयोजन में सम्मिलित हुए, जो वर्तमान में देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत रहते हुए राष्ट्र एवं समाज की सेवा कर रहे हैं।

कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य  विजय भागवत पाटिल के साथ भूतपूर्व विद्यार्थियों द्वारा स्व. श्री आदित्य विक्रम बिड़ला के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात सभी भूतपूर्व विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम प्रभारी शिक्षक शिव नारायण सिंह ने सभी भूतपूर्व विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उप-प्रधानाचार्य ने सभी भूतपूर्व विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान करते हुए कार्यक्रम की सराहना की तथा भूतपूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।

विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक स्वागत गीत एवं मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम प्रभारी ने अपने सम्बोधन में सभी भूतपूर्व विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें विद्यालय से जुड़े रहने का संदेश दिया तथा आशा व्यक्त की कि इस प्रकार के आयोजन वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। शिक्षिका देव ज्योति द्वारा भूतपूर्व विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसका सभी ने भरपूर आनंद लिया। भूतपूर्व विद्यार्थियों ने अपने अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा किए तथा उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के पूर्व छात्र एवं रेणुकूट के सम्मानित चिकित्सक डॉ. विनोद राय द्वारा कक्षा 10 एवं 12 की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र आकाश गुप्ता तथा छात्रा सौम्या सिंहल को प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन उपरांत सभी पूर्व विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर अपनी पुरानी स्मृतियों को ताजा किया तथा विद्यालय की प्रगति की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मंजू बाला जिंदल ने किया तथा वरिष्ठ शिक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में भूतपूर्व विद्यार्थी के रूप में उपस्थित हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के अनेक सम्मानित सदस्यों के साथ-साथ विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सहयोग सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *