एमसीएल ने बरगढ़ में शैक्षिक अधोसंरचना को किया सुदृढ़

Spread the love

संबलपुर । महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा समावेशी सामुदायिक विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत ओडिशा के बरगढ़ जिले में दो शैक्षिक अधोसंरचना परियोजनाएं समर्पित की हैं। एमसीएल ने कुल ₹99.03 लाख की लागत से तोरा जूनियर कॉलेज में एक सभागार एवं छात्राओं के लिए कॉमन रूम तथा बापूजी स्पेशल स्कूल, बरगढ़ में नवीन कक्षाओं का निर्माण कराया है।

 सुरेश पुजारी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री,ओडिशा सरकार;  प्रदीप पुरोहित, लोकसभा सांसद तथा अश्विनी कुमार सारंगी,विधायक- बरगढ़ ने संयुक्त रूप से इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर एमसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर)  ज्योतिर्मय सिन्हा, जिला प्रशासन बरगढ़ के अधिकारी, संबंधित शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, शिक्षकगण, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे। तोरा जूनियर कॉलेज में विकसित नई सुविधाएं शैक्षणिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनारों तथा अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराएंगी, जिससे लगभग 1,500 विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

वहीं, बापूजी स्पेशल स्कूल में निर्मित नवीन कक्ष से लगभग 500 विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए अधिक सुरक्षित, सुगम एवं समावेशी शिक्षण वातावरण उपलब्ध होगी, जिससे उनकी शैक्षिक एवं समग्र विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करने में सहायता मिलेगी। एमसीएल, शैक्षिक अधोसंरचना, स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन तथा सामुदायिक विकास के क्षेत्र में निरंतर निवेश के माध्यम से अपने परिचालन क्षेत्रों तथा समूचे ओडिशा में सतत, समावेशी एवं सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *