महानदी कोलफील्ड्स : खनिक अभिनंदन दिवस 2026 के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए कर्मचारी हुए सम्मानित

Spread the love

संबलपुर । महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एम.सी.एल.) मुख्‍यालय में जगन्‍नाथ क्षेत्र के तत्‍वावधान में खनिक अभिनंदन दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।  राष्ट्र की प्रगति को ऊर्जा प्रदान करने वाले कोयला खनिकों की अटूट निष्ठा और उत्‍कृष्‍ट कार्य निष्‍पादन के लिए  सम्मानित किया गया। शुक्रवार दिनांक 01 मई 2026 को आयोजित इस समारोह में कंपनी के शीर्ष अधिकारी, कर्मचारीगण एवं हितधारकों ने बडे उत्साहपूर्वक भाग लिया।  केशव राव, निदेशक (मानव संसाधन),  ए.के. बेहुरा, निदेशक (वित्त), तथा  एस.के. झा, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सहित क्षेत्रीय महाप्रबंधक, विभागाध्‍यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं संयुक्त परामर्श समिति (एपेक्स) के सदस्य प्रमुख उपस्थित रहे। गणमान्य अतिथियों ने कोयला खनिक की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के “ऊर्जा योद्धाओं” के साहस एवं प्रतिबद्धता को नमन किया।

श्री राव ने अपने संबोधन में टीम एमसीएल को कोयला उत्पादन में उल्लेखनीय “200 मिलियन टन हैट्रिक” उपलब्धि पर बधाई दी और कार्यबल की सामूहिक निष्ठा एवं अथक प्रयासों की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कर्मचारी कल्याण एवं कार्यस्थल सुविधाओं के उन्नयन पर एमसीएल के निरंतर प्रयासों को भी रेखांकित किया। उन्होंने, ओडिशा राज्य में प्रमुख सीएसआर योगदानकर्ता के रूप में एमसीएल की भूमिका पर बल देते हुए कंपनी की सतत सामाजिक अवसंरचना निर्माण एवं स्थानीय समुदायों के उत्थान के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।

इस अवसर पर  बेहुरा एवं  झा ने गत वित्तीय वर्ष में कंपनी के सुदृढ़ कोयला प्रेषण की प्रशंसा की तथा विश्वास व्यक्त किया कि एमसीएल कर्मियों की टीम भावना एवं परिचालन उत्कृष्टता, कंपनी को आने वाले वर्षों में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर करेगी। कार्यक्रम में कंपनी के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र एवं परियोजनाओं, कर्मचारियों तथा कर्मियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया। कुल 76 पुरस्कार, जिनमें व्यक्तिगत एवं संस्थागत सम्मान शामिल थे, प्रदान किए गए। इब वैली क्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ सकल प्रदर्शन हेतु प्रतिष्ठित मालपुरी ट्रॉफी से सम्मानित किया जबकि समलेश्वरी खुली खदान , इब वैली क्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ ओपनकास्ट खदान का पुरस्कार मिला तथा ओरिएंट क्षेत्र अंतर्गत हीराकुद-बुंदिया भूमिगत खदान को सर्वश्रेष्ठ भूमिगत खदान का सम्मान प्रदान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *