राउरकेला सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग में 9 मई, 2026 को एसएसओ, राँची एवं सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘सुरक्षा नेतृत्व’ पर आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य संयंत्र में सुरक्षा नेतृत्व को सुदृढ़ करना तथा सक्रिय सुरक्षा संस्कृति को बढ़ावा देना था।

कार्यपालक निदेशक (वर्क्स), आरएसपी,बिस्वरंजन पलई ने उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन – एल एंड डी),पी के साहू,मुख्य महाप्रबंधक(सुरक्षा एवं अग्नि शमन),हीरालाल महापात्र,महाप्रबंधक प्रभारी (एसएसओ),राँची,सुरेश कुमार तथा महाप्रबंधक (सुरक्षा),अबकाश बेहरा,उपस्थित थे।कार्यक्रम के मुख्य संसाधन व्यक्ति वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक (सुरक्षा प्रशिक्षण), टाटा स्टील जमशेदपुर,सुकेश कुमार झा, थे। प्रशिक्षण में विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डीएसओ), क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी (एएसओ) एवं लाइन मैनेजर्स समेत लगभग 35 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
सभा को संबोधित करते हुए बिस्वरंजन पलई ने कहा कि सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं है, बल्कि यह नेतृत्व-प्रेरित सोच एवं सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने जोर दिया कि शून्य क्षति (Zero Harm) के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा सतत संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी सुरक्षा नेतृत्व अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं लाइन मैनेजर्स से उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सतर्क रहने तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्रत्येक गतिविधि एवं निर्णय का अभिन्न अंग बनाने की अपील की।
कार्यक्रम में कार्यस्थल पर सुरक्षा को प्रभावी रूप से लागू करने हेतु महत्वपूर्ण विषयों एवं व्यावहारिक दृष्टिकोणों पर आधारित व्यापक सत्र आयोजित किए गए। सेल में सुरक्षा प्रबंधन पर एक सत्र सुरेश कुमार द्वारा लिया गया, जिसमें उन्होंने सेल की सुरक्षा रूपरेखा, प्रणालियों तथा संगठन में सुरक्षा कार्यकर्ताओं से अपेक्षाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
तकनीकी सत्रों का संचालन सुकेश कुमार झा द्वारा किया गया, जिसमें सुरक्षा अनुबंध, सुरक्षा पेशेवरों की भूमिका तथा अपेक्षाएँ जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षण में जोखिम आधारित सुरक्षा दृष्टिकोण, व्यवहार आधारित सुरक्षा (असुरक्षित कार्य एवं असुरक्षित परिस्थितियों की पहचान पर विशेष जोर), तथा वर्क परमिट प्रणाली एवं पॉजिटिव आइसोलेशन जैसी प्रमुख परिचालन सुरक्षा प्रणालियों पर भी चर्चा की गई। घटना रिपोर्टिंग एवं जांच विधियों पर सत्र में समय पर रिपोर्टिंग, मूल कारण विश्लेषण तथा पुनरावृत्ति रोकने हेतु निवारक कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में डीएसओ, एएसओ एवं लाइन मैनेजर्स की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी रही तथा इससे आरएसपी में जागरूकता, उत्तरदायित्व एवं सक्रिय सुरक्षा नेतृत्व को बढ़ावा देकर सुरक्षा प्रदर्शन को और सुदृढ़ करने की अपेक्षा है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में हीरालाल महापात्र ने उपस्थितजनों का स्वागत किया एवं निरंतर सीखने तथा सुरक्षा नेतृत्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में अबकाश बेहरा ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया।
