म्योरपुर, सोनभद्र। क्षेत्र के कठौंधी जंगल हत्याकांड का सोमवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक राजदेव सिंह के बेटे रवि कुमार को पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने ही अपने पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया था। यह मामला 29 मई को सामने आया था, जब कुण्डाडीह निवासी राजदेव सिंह का शव कठौंधी जंगल में मिला था। इसके बाद म्योरपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) और क्षेत्राधिकारी दुद्धी के पर्यवेक्षण में म्योरपुर पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर मृतक के पुत्र रवि कुमार की गतिविधियों को संदिग्ध पाया। कड़ी पूछताछ में आरोपी रवि ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि उसके पिता के एक महिला से संबंध थे, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान और आक्रोशित था। आरोपी ने 29 मई को अपने पिता को जमीन दिखाने के बहाने जंगल में बुलाया था। सुनसान स्थान पर उसने पहले गमछे से दबाव बनाकर राजदेव सिंह को गिराया, फिर पत्थर से उनके सिर पर वार किया और सर्जिकल ब्लेड से गला काटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद रवि ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया और पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड,खून से सना पत्थर, मोटरसाइकिल की चाबी और जले हुए खून से सने कपड़ों की राख बरामद की है। पुलिस ने लगभग 30 वर्षीय आरोपी रवि कुमार पुत्र राजदेव सिंह, निवासी ग्राम कुण्डाडीह, थाना म्योरपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया । बरामदगी के आधार पर मुकदमे में साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा,उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार राय,हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार,कांस्टेबल रामजीत और आरक्षी राजप्रबल शामिल रहे।
