संबलपुर, ।: महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अपने मुख्यालय तथा विभिन्न परिचालन क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के बीच स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा दिया गया।
एमसीएल मुख्यालय में ब्रह्माकुमारीज़, संबलपुर के सहयोग से विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी बी. के. त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एमसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक उदय अनंत काओले ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में निदेशक (कार्मिक) केशव राव, निदेशक (वित्त) अजीत कुमार बेहुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी सम्बीत सौरव नायक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन भी उपस्थित रहे तथा योगाभ्यास में सहभागिता की।
अपने संबोधन में अतिथियों ने योग के नियमित अभ्यास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता तथा समग्र कल्याण को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।
इसी प्रकार के कार्यक्रम एमसीएल के परिचालन जिलों—झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़ एवं अंगुल—में भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वास्थ्य, एकता एवं सामूहिक कल्याण का संदेश दिया। योग दिवस के आयोजन ने कर्मचारियों के बीच समरसता, आत्मबल तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता को और सुदृढ़ किया।
एमसीएल कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार की पहलों के माध्यम से सकारात्मक कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा संगठन में सामूहिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
