सिंगरौली मंगलवार को सिंगरौली स्थित भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफ़ील्डस लिमिटेड (एनसीएल) में धूमधाम से अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस 2026 मनाया गया। इस दौरान अधिकारी क्लब, सिंगरौली में केंद्रीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कृति महिला मण्डल उपाध्यक्षा,नम्रता कुमार, सीएमएस , केंद्रीय चिकित्सालय, सिंगरौली, डॉ. मंजरी मेहता व टीम एवं अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान एनसीएल अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बी. साईराम एवं निदेशक (मानव संसाधन), श्री मनीष कुमार के संदेशों का वाचन किया गया। इस दौरान अपने संदेशों में सीएमडी एनसीएल एवं निदेशक (मानव संसाधन) ने एनसीएल के समस्त नर्सिंग स्टाफ के सेवा भाव, मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की एवं उन्हें कोयला योद्धाओं एवं उनके परिवारों सहित परिधीय समुदायों की स्वास्थ्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने हेतु धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों – गीत, डांस, प्ले/स्कीट, मेडिकल अवेयरनेस स्पीच, कविता वाचन, फ़ैशन वॉक, सोलो डांस एवं गायन का आयोजन किया गया जिसमें हॉस्पिटल स्टाफ एवं बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। एनसीएल की सभी परियोजना एवं इकाइयों में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया गया।
गौरतलब है कि हर साल स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सों के योगदान को सम्मान देने हेतु अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है।
