प्रयागराज । मण्डल रेल प्रबन्धक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में प्रयागराज मंडल कार्यालय में दिनांक 15 मई, 2026 से 5 जून, 2026 तक चलाये जाने वाले ‘क्लाइमेट चेंज’ थीम पर “विश्व पर्यावरण दिवस” अभियान का आज दिनांक 15 मई 2026 को शुभारंभ किया गया । इस अभियान के दौरान पर्यावरण अनुकूल उत्पादों, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त रेलवे परिसरों के निर्माण की दिशा में अभियान चलाये जाएंगे । इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक / इन्फ्रा, धनंजय कुमार सिंह; वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक, विक्रम सिंह कोली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे । इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ ली ।
‘’मैं प्रतिज्ञा करता/करती हूँ कि पर्यावरण को बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में हर संभव बदलाव लाऊंगा/लाऊंगी। मैं यह भी वचन देता/देती हूँ कि अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को पर्यावरण के अनुकूल आदों और व्यवहारों के महत्व के विषय में सतत रूप से प्रेरित करूंगा/करूंगी ।‘’*

विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय रेल द्वारा चलाये जाने वाले अभियान के क्रम में प्रयागराज मण्डल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक व्यापक पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा । इस अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक उन्मूलन, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। प्रारम्भिक चरण में ‘मिशन लाइफ’ एवं ‘विश्व पर्यावरण दिवस -2026’ थीम के अंतर्गत जागरूकता अभियान चलाकर पोस्टर, बैनर एवं डिजिटल संदेशों के माध्यम से जलवायु परिवर्तन, सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यात्रियों एवं कर्मचारियों को पुन: उपयोग योग्य बोतलों, बैग एवं कंटेनरों के उपयोग तथा डिजिटल टिकटिंग एवं पेपरलेस यात्रा के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे तथा कचरा पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। IRCTC एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से जैव-अवक्रमणीय एवं गैर-प्लास्टिक सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। रेलवे परिसरों में प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा, जल पुनर्भरण केन्द्रों का निरीक्षण तथा यात्रियों को अपनी पानी की बोतल साथ रखने और पुनः भरने के लिए प्रेरित किया जाएगा । साथ ही, रेलवे स्टेशनों पर विक्रेताओं एवं सेवा प्रदाताओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने हेतु संवेदनशील बनाया जाएगा। नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद एवं विद्यालयों के सहयोग से प्लास्टिक प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलायी जाएगी।
रेलवे द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा तथा रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों एवं पार्कों में हरित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने हेतु विशेष प्रयास किए जाएंगे। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से ड्राइंग, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी तथा “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” योजना के अंतर्गत कपड़े एवं जूट के बैग तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल पुनर्चक्रण, ऊर्जा संरक्षण, LED के उपयोग तथा अनावश्यक विद्युत उपकरणों को बंद रखने के प्रति भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ।
5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रेलवे स्टेशनों, कार्यस्थलों एवं स्थानीय क्षेत्रों में स्काउट्स, एनसीसी, सामाजिक संगठनों, विद्यालयों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर अभियान की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा तथा पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्टेशनों, मंडलों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जा सकता है।
