प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर अकान्शु गोविल के नेतृत्व में प्रयागराज मंडल के कानपुर सेन्ट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 247 मामलों में बिना टिकट/अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जिससे कुल ₹1,36,010 (एक लाख छत्तीस हजार दस रुपये) का राजस्व अर्जित हुआ।
विस्तृत रूप से, बिना टिकट यात्रा करने वाले 136 व्यक्तियों से ₹93,060 जुर्माने के रूप में वसूले गए। अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 82 व्यक्तियों से ₹40,050 तथा स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले 23 व्यक्तियों से ₹2,600 जुर्माने के रूप में वसूल किए गए। अभियान का उद्देश्य यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था। रेलवे प्रशासन द्वारा इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि रेल सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जा सके। इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
