प्रयागराज। केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज द्वारा 9 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक ‘आठवां पोषण पखवाड़ा’ अत्यंत उत्साह और सफलता के साथ आयोजित किया गया। इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मियों और उनके परिवारों, विशेषकर बच्चों के बीच बेहतर स्वास्थ्य और सही पोषण के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस पूरे आयोजन का सफल क्रियान्वयन चिकित्सा निदेशक डॉक्टर एस. के. हंडू एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुरेंद्रनाथ के कुशल मार्गदर्शन में सुनिश्चित किया गया। उनके दिशा-निर्देशों के चलते पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त किया।

पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। डॉक्टर कल्पना मिश्रा, डॉक्टर अनुराग यादव, डॉक्टर सिद्रा और डॉ. रोहित कुमार की विशेषज्ञ टीम द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 179 बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। डॉक्टरों ने बच्चों के विकास संबंधी मानकों की जांच की और अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिए।
पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य और पोषण के महत्व को समझाने के लिए रचनात्मक माध्यमों का सहारा लिया गया। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों और डायटीशियन के द्वारा कुल 4 बड़े जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आम जनमानस को सहज ढंग से शिक्षित करने के लिए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। इन कार्यक्रमों में कुल 603 रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।इस सफल आयोजन ने न केवल रेल परिवार के बीच स्वास्थ्य चेतना को जगाया है, बल्कि भविष्य के लिए एक स्वस्थ जीवनशैली का मार्ग भी प्रशस्त किया है।
