अगस्त माह में 70 हज़ार से अधिक यात्री किए गए प्रभारित* अगस्त माह में 6.67 करोड़ रुपए से अधिक वसूला गया जुर्माना*
प्रयागराज । मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग हरिमोहन के निर्देशन में अगस्त माह के दौरान विशेष रूप से व्यापक टिकट जांच अभियान चलाया गया। प्रयागराज मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ वैध टिकट के साथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्रवाई कर रहा है।
1 अगस्त से 31 अगस्त तक चलाए गए सघन टिकट चेकिंग अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने के मामलों में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 70,604 यात्रियों को प्रभारित करते हुए 6,67,32,365 रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के अंतर्गत बिना टिकट यात्रा करने वाले 30,518 यात्रियों से 3,54,02,748 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 36,539 यात्रियों से 84,01,960 रुपये, अनबुक्ड लगेज के 27 मामलों में 20,376 रुपये तथा धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने वाले 3,520 यात्रियों से 29,07,281 रुपये का जुर्माना वसूला गया। स्टेशन वार प्रभारित यात्रियों एवं जुर्माने का विवरण:
रेल प्रशासन सभी सम्मानित यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान वैध टिकट के साथ यात्रा करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करें। यात्रियों से रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान में डालने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को देने का अनुरोध किया गया है। प्रयागराज मंडल यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुखद यात्रा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे सघन टिकट चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।
